PATNA DESK - बिहार की राजधानी पटना से सटे बांका में पटना विशेष निगरानी इकाई यानि SVU ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के चान्दन अंचल के अंचल अधिकारी रविकांत कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. जमीन से जुड़े एक मामले में दखल-कब्जा दिलाने के एवज में अधिकारी पर दो लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है. विशेष निगरानी इकाई के अनुसार शिकायतकर्ता सियाराम कुमार, पिता वासुदेव यादव, ग्राम झाा, टोला मोरवे, पोस्ट लोहारी, थाना चान्दन, जिला बांका के रहने वाले हैं. उन्होंने SVU पटना में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के सत्यापन के बाद SVU की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए गिरफ्तार कर लिया.
दो लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप
दरअसल शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया गया था कि टाइटल सूट केस संख्या 2395/95 में पारित आदेश के तहत संबंधित जमीन पर पीड़ित को दखल-कब्जा दिलाने के लिए चान्दन के अंचल अधिकारी रविकांत कुमार द्वारा दो लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है. शिकायतकर्ता के अनुसार तत्काल 20 से 25 हजार रुपये देने की मांग भी की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष निगरानी इकाई ने शिकायत का सत्यापन कराया. सत्यापन के दौरान अंचल अधिकारी रविकांत कुमार द्वारा शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद SVU ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की. रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद आरोपी अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पूरी तैयारी की गई.

