CHHAPRA DESK- छपरा शहर के गुदरी बाजार में असिस्टेंट प्रोफेसर को चाकू मार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया. जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. जख्मी असिस्टेंट प्रोफेसर आरा जिले के सहार थाना क्षेत्र के करबासी गांव निवासी बुलेटन ठाकुर के पुत्र श्रीभगवान ठाकुर बताये गये हैं. जो कि सारण जिले के दाउदपुर स्थित नंदलाल सिंह कॉलेज में फिलोस्फी के असिस्टेंट प्रोफेसर हैं. वह फिलहाल छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के श्यामचक मोहल्ला में किराए के मकान में रहते हैं. बताया जाता है कि वह गुदरी बाजार में दूध खरीदने आए थे, जहां दूध के दाम को लेकर हुए विवाद में उनको चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया है. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने बताया कि वह गुदरी बाजार में दूध खरीदने के लिए एक दुकान पर गए थे. दूध लेने के बाद उन्होंने दुकानदार के पुत्र को 500 रुपये का नोट दिया. दुकानदार के पुत्र ने उन्हें 440 रुपये वापस किए. इस पर उन्होंने पूछा कि जब दूध की कीमत 45 रुपये है तो 60 रुपये क्यों लिए जा रहे हैं.घायल के अनुसार, इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दुकानदार के पुत्र ने चाकू निकालकर उनके कान के नीचे वार कर दिया. चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसके बाद आरोपित चाकू लेकर उन्हें कुछ दूर तक खदेड़ता रहा. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है. वहीं देर शाम तक अस्पताल में घायल का हाल-चाल लेने के लिए पुलिस नहीं पहुंच पाई थी.
गुदरी बाजार में असिस्टेंट प्रोफेसर को चाकू मार किया गंभीर ; भर्ती


