PATNA DESK - निगरानी ब्यूरो की टीम ने पटना जिले के साम्यागढ़ थाना के थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को हफ्ता वसूली के 27000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी थानाध्यक्ष द्वारा क्षेत्र में जेसीबी मशीन चलाने के एवज में पीड़ित से साप्ताहिक रिश्वत यानि हफ्ते की मांग कर रहे थे. निगरानी सूत्रों ने बताया कि थाना प्रभारी द्वारा हफ्ता मांगे जाने की शिकायत स्थानीय प्रहलादपुर के मनोज कुमार ने किया था. पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया था कि साम्यागढ़ थानाध्यक्ष द्वारा उनके जेसीबी के सुचारू संचालन के लिए पैसों का दबाव बनाया जा रहा है. निगरानी ब्यूरो द्वारा शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया. जिसमें थानाध्यक्ष द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण और आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाया गया. जिसके बाद मामले में कांड दर्ज करते हुए डीएसपी अरूणोदय पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया.
थाना परिसर से ही रिश्वत लेते पकड़ा गया थानेदार
विजिलेंस ने योजनाबद्ध तरीके से धावा दल ने साम्यागढ़ थाना परिसर में ही दबिश दी. जैसे ही शिकायतकर्ता मनोज कुमार ने थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को 27 हजार रुपये की रिश्वत की रकम सौंपी, घात लगाकर बैठी निगरानी टीम ने आरोपी थानाध्यक्ष को रंगे हाथों दबोच लिया. अचानक हुई इस कार्रवाई से थाना परिसर में हड़कंप मच गया. निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त थानाध्यक्ष सौरभ कुमार से पूछताछ की जा रही है. आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को पटना स्थित निगरानी की विशेष अदालत के समक्ष पेश किया जायेगा.


