CHHAPRA DESK- सारण जिले के मकेर थाना अंतर्गत मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित चार पहिया वाहन की चपेट में आने से एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. जिससे बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत सदर अस्पताल में पहुंचकर हो गई. जबकि पत्नी व बच्चा का उपचार चल रहा है. मृतक जिले के गड़खा थाना क्षेत्र के कसीना पिरारी गांव निवासी 40 वर्षीय शैलेंद्र माझी बताया गया है. इस दुर्घटना में उसकी पत्नी 35 वर्षीय रिंकू देवी एवं 5 वर्षीय पुत्र हीरालाल कुमार घायल हुए, जिनका उपचार फिलहाल सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि वह पत्नी और बच्चे के संग बाइक से बहन के पास गए थे, जहां से मेला घूमते हुए घर लौट रहे थे. उसी बीच मकेर थाना अंतर्गत मुख्य मार्ग पर किसी चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया. जिसके कारण घायल पति-पत्नी व बच्चे को स्थानीय लोगों द्वारा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सक द्वारा रेफर किए जाने के बाद परिवार वाले उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉक्टर हरेंद्र प्रसाद के द्वारा शैलेंद्र मांझी को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं उसकी पत्नी व बच्चों का उपचार जारी है. इस घटना के बाद जहां घर-परिवार में कोहराम मच गया. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है. फिलहाल देर रात होने के कारण शव का पोस्टमार्टम अगले दिन कराए जाने को लेकर सुरक्षित रखा गया है.

