CHHAPRA DESK - छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत एसडीएस कॉलेज के समीप आज नाला निर्माण कार्य के दौरान ट्रांसफार्मर से करंट प्रवाहित होने से पांच मजदूर झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया. घायलों की पहचान भगवान बाजार थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर डीह निवासी शिव शंकर राय, ब्रह्मपुर नयका बस्ती निवासी सिक्कू राम, हाजीपुर निवासी रामबाबू चौधरी, अवतार नगर थाना क्षेत्र के संठा गांव निवासी आयुष कुमार सहित एक अन्य मजदूर के रूप में हुई है. सदर अस्पताल में इलाजरत घायल शिव शंकर राय ने बताया कि बारिश के बाद एसडीएस कॉलेज के समीप नाला निर्माण का कार्य चल रहा था. कार्यस्थल के पास तीन ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं. उसी दौरान एक ट्रांसफार्मर से अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आकर सभी मजदूर झुलस गए. उन्होंने बताया कि करंट का प्रभाव अधिक नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था.
घटना के बाद निर्माण कार्य कुछ देर के लिए रोक दिया गया. मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर इलाज शुरू हो सका. सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ अर्जुन कुमार ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है. सभी की हालत खतरे से बाहर है और चिकित्सकीय निगरानी में उनका इलाज जारी है. घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.


