CHHAPRA DESK - जंतर-मंतर आंदोलन की गूंज पटना के बाद अब छपरा तक पहुंच गई. हिंसक प्रदर्शन के बाद शहर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. बता दें कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन की गूंज आज छपरा में भी सुनाई दी. छात्र संगठनों द्वारा निकाला गया विरोध मार्च कुछ स्थानों पर हिंसक हो गया, जिसके बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया. प्रदर्शन के दौरान पथराव, आगजनी और वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं. हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। घटना के बाद पूरे शहर में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई और प्रमुख चौक-चौराहों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्र संगठनों ने अस्पताल चौक स्थित अंबेडकर कार्यालय से शांतिपूर्ण मार्च की शुरुआत की. जुलूस जैसे-जैसे डाक बंगला रोड और थाना चौक की ओर बढ़ा, स्थिति तनावपूर्ण होती चली गई. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व भी भीड़ में शामिल हो गए, जिसके बाद प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया.
नगर थाना चौक और नगर पालिका चौक बना उपद्रव का केंद्र
पंकज सिनेमा रोड और नगर पालिका चौक के आसपास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई तथा पथराव किया गया. हिंसक झड़प के दौरान नगर थाना के एक वाहन को तोड़फोड़ दिया गया तो दूसरे वाहन को आग के हवाले कर दिया गया. बता दें कि नगर थाना चौक पर दो तरफ़ों से उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया. जिसके बाद पुलिस को पीछे हटना पड़ गया तब पुलिस ने पुनः मोर्चा संभाला और उपद्रवियों को पंकज सिनेमा एवं साहेबगंज तक खदेड़ा गया. उस दौरान कई पुलिस कर्मी भी चुटहिल हुए हैं. उस दौरान जिलाधिकारी के द्वारा आइटीबीपी कैंप से जवानों को भी बुलाया गया.
जिलाधिकारी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया कि उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन फुटेज और सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो के आधार पर की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेने वाले सभी चिन्हित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उल्लेखनीय है कि नीट पेपर लीक प्रकरण और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर विभिन्न छात्र संगठन राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन चला रहे हैं. इसी क्रम में छपरा में आयोजित प्रदर्शन के दौरान हिंसा की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
दो दर्जन से अधिक को उपद्रवियों को पुलिस ने लिया हिरासत में
इस घटना के बाद पुलिस ने जहां आंसू गैस के गोले दागे. वहीं लाठियां भी चटकानी पड़ गई. पथराव के क्रम में पुलिस ने करीब दो दर्जन से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में ले रखा है, जिन्हें नगर थाना में रखकर पूछताछ की जा रही है. वहीं सीसीटीवी फुटेज से अन्य उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी प्रारंभ कर दीगई है.


