CHHAPRA DESK- छपरा शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राठौर टोला में करंट लगने से एक टेंट मिस्त्री की मौत हो गई. मृतक की पहचान मुफसिल थाना अंतर्गत महाराजगंज के लवकुशपुर निवासी वशिष्ठ प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र ध्रुप प्रसाद के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, राठौर टोला में मूर्ति राजभवन के पास लोहे के पुल के समीप पंडाल निर्माण का काम चल रहा था. बताया जा रहा है कि इसी क्रम में वह करंट की चपेट में आ गए. करंट लगने से उनकी मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. ध्रुप प्रसाद टेंट लगाने का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उनके तीन छोटे बच्चे हैं. परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी शोक का माहौल है. हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है. वहीं इसके बाद टेंट संचालक पर परिजन का आरोप था हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और परिजन शव लेकर चले गए.
पंडाल में काम करने के दौरान करंट लगने से टेंट मिस्त्री की मौत ; मचा कोहराम

