CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत मढ़ौरा के टेढ़ा रेलवे हॉल्ट के समीप ट्रेन की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. घटना उस समय हुई, जब तीनों बच्चे अपने घर के पास रेलवे ट्रैक पर खेल रहे थे. उसी दौरान पटना जाने वाली पाटलिपुत्र एक्सप्रेस वहां से गुजरी. जिसकी चपेट में तीनों बच्चे आ गये. जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई. वहीं घायल दो बच्चों का उपचार किया गया. मृत बच्चे की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव निवासी पवन कुमार के 3 वर्षीय पुत्र प्रेम कुमार के रूप में हुई है. वहीं, दीपक कुमार की चार वर्षीय पुत्री अंबिका कुमारी और एक अन्य बच्चा हादसे में घायल हो गए, जिनका उपचार किया गया. बताया जाता है कि तीनों बच्चे रेलवे ट्रैक पर खेल रहे थे. उसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से प्रेम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में अंबिका का एक पैर की उंगली कट गई. जबकि तीसरा बच्चा ट्रेन के झटके से दूर गिरकर घायल हो गया. घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल बच्चों को मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल ले गए. वहां प्रेम कुमार को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं, घायल अंबिका का इलाज जारी है. तीन साल के मासूम की असमय मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. इस दर्दनाक हादसे ने रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले परिवारों के बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.
पाटलिपुत्रा ट्रेन की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की मौत ; दो बच्चे घायल

