SIWAN DESK - सिवान शहर के गांधी मैदान के समीप स्थित तालाब में डूबने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, लेकिन जिस प्रशासन से तत्काल रेस्क्यू की उम्मीद थी वह लेट पहुंची और शव निकालने के लिए ग्रामीण इलाके से गोताखोर बुलाए गए और उन्होंने महज 15 मिनट में युवक के शव को तालाब से बाहर निकाल दिया. मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ला निवासी स्वर्गीय भगवती प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र रमेश कुमार के रूप में हुई है. जो कि मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज प्रशासनिक कार्यालय के समीप स्थित तालाब में तीन-चार बच्चे नहा रहे थे. उन्हें नहाता देखकर वहां बैठा एक युवक भी कपड़े उतारकर पानी में उतर गया. युवक को तैरना नहीं आता था और वह अचानक गहरे पानी में डूबने लगा. उसे डूबता देखकर बच्चे पानी से बाहर निकल गए. उसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने भी पानी में छलांग लगाकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह उसे तलाश नहीं सका. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112, नगर थाना पुलिस और प्रशासन को सूचना दी. 500 मीटर के दायरे में अधिकारीयों का ऑफिस सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन रेस्क्यू के लिए प्रशासनिक स्तर पर कोई व्यवस्था नजर नहीं आई. सबसे हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल से महज करीब 500 मीटर के दायरे में सदर एसडीओ, डीएम समेत कई बड़े प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय और आवास हैं, इसके बावजूद किसी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर तत्काल बचाव अभियान शुरू कराने की जहमत नहीं उठाई. करीब दो घंटे बाद सीवान सदर के अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके हाथ भी खाली थे.
प्रशासनिक कार्यालय के समीप तालाब में डूबा युवक ; स्थानीय गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव


