CHHAPRA DESK - सारण जिला के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत घोरहट मठिया गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया और आभूषण समेत ₹50 लाख से अधिक की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए. उक्त घर रिटायर्ड दारोगा श्याम सुंदर भारती की है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि वह सेना में तैनात अपने पुत्रों के साथ 13 दिन की तीर्थयात्रा पूर गये थे. आज जब वह वापस लौटे तो देखा कि घर के कमरों के ताले टूटे पड़े है और सारा सामान बिखरा पड़ा है. यह देखकर उनके होश उड़ गए. जिसके बाद इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल प्रारंभ किया. जांच में पुलिस को आशंका है कि चोर रस्सी के सहारे छत पर चढ़े और फिर रोशनदान के रास्ते घर में दाखिल हुए. रिटायर्ड दारोगा और सेना के जवानों के घर में हुई चोरी से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. वहीं यह घटना गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है. समाचार प्रेषण तक इस मामले में चोरी गए सामानों का आकलन करने और प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की प्रक्रिया जारी थी.
रिटायर्ड दारोगा व जवान के घर से ₹50 लाख से अधिक की संपत्ति चोरी ; गये थे तीर्थयात्रा पर


