SIWAN DESK - सीवान में प्रोटेस्ट के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर पत्थरबाजी की. पुलिस पर हमला किया है. भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले दागे. लेकिन भीड़ अनियंत्रित होते देख पुलिस ने 10 राउंड से अधिक फायरिंग की है. जिससे 3 छात्र घायल हुए हैं. जिनमें 2 के गर्दन से गोली छूकर निकल गई, वहीं एक छात्र के जांघ में गोली फंसी है. फिलहाल, एक को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है. वहीं 2 का सिवान सदर अस्पताल में इलाज जारी है. इस घटना के बाद जिला प्रशासन द्वारा अगले आदेश तक के लिए जिले में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है. प्रोटेस्ट के दौरान पत्थरबाजी में एसपी पूरन झा के हाथ में चोट लगी है. वहीं नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार भी ईंट से घायल हुए है, उनके हाथ में चोट लगी है.बता दें कि नीट परीक्षा पेपर लीक मामले, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और छात्र आंदोलन पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आज सिवान में बिहार बंद का जबरदस्त असर दिखा. हालांकि, 4-5 घंटे के प्रदर्शन के बाद शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दे दिया. AISA और RYA के आह्वान पर आयोजित इस बंद के दौरान जिला प्रशासन की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और भारी पुलिस बल की तैनाती कर कानून-व्यवस्था नियंत्रण में करने की कोशिश जारी है. बंद को लेकर प्रशासन पहले से ही सतर्क था. आज सुबह करीब नौ बजे AISA और RYA के कार्यकर्ता जुलूस के साथ जेपी चौक पहुंचे और कुछ देर के लिए सड़क जाम कर नारेबाजी की. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने की अपील की. पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस के सख्त रुख के बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हट गए और यातायात सामान्य हो गया. जिसके बाद छात्र नेताओं ने जेपी चौक पर एक सभा आयोजित की. उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्र आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा की. वहीं सिवान के गांधी मैदान में प्रदर्शन करने के लिए छात्रों की भीड़ इकट्ठा हुई थी. इस बीच कुछ उपद्रवी वहां आ गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी. शुरुआत में पुलिस ने शांतिपूर्वक सबको शांत करवाने की कोशिश की लेकिन पत्थरबाजी नहीं रुकी.
जिसके बाद प्रशासन की तरफ से आंसू गैस छोड़े गए. बाद में पुलिस ने 10 से ज्यादा राउंड फायरिंग भी की. जिसमें 3 छात्र घायल हो गए है.


