CHHAPRA DESK- सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक आभूषण व्यवसायी को चाकू मार कर लाखों रुपए के आभूषण की लूट की गई है. जख्मी व्यवसायी जिले के कोपा थाना क्षेत्र के कोपा गांव निवासी वीरेंद्र साह का 28 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार सोनी बताया गया है. चाकू लगने से जख्मी व्यवसायी को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है. उपचार के क्रम में उसके द्वारा बताया गया कि जिउतिया पर्व को देखते हुए वह आभूषण लेकर बेचने के लिए मैनपुरा गांव गया था. बाइक से वापस लौट के दौरान स्थानीय थानांतर्गत हरदेव छपरा चंवर के समीप उनके साथ मारपीट की गई. उस दौरान उनके हाथ पर चाकू से हमला किया गया. जिसके बाद उनके आभूषण का थैला, जिसमें सोने का जिउतिया और चांदी का पायल था लूट कर ले गये. जिसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है. फिलहाल समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी. वहीं इस लूट मामले में पूछे जाने पर कोपा थाना अध्यक्ष के द्वारा बताया गया कि मामला उनके संज्ञान में आया है. प्रथम दृष्टया मामला पूर्व से लेनदेन और बकाया के विवाद का सामने आया है. लूट के आरोप की जांच उनके द्वारा की जा रही है.
क्या है मामला ?
इस पूरे विवाद की जड़ आभूषण बकाया बेचा जाना है. बता दें कि विशाल कुमार सोनी के द्वारा भटवलिया गांव निवासी अंकित कुमार शर्मा को आभूषण बेचा गया था, जिसमें ₹40 हजार का बकाया था. लगभग डेढ़ महीने होने के बाद वह पैसा नहीं दे रहा था. जिसको लेकर वह उनके दरवाजे पर जाकर वह हो-हल्ला किया था. जिसके बाद गांव में पंचायती हुई और अंकित के द्वारा बताया गया कि सोना अच्छा नहीं है इसलिए वह उसे वापस कर देगा और पूरा पैसा अपना ले लेगा. पंचायती में यह तय होने के बाद मामला शांत हो गया था. आज जब विशाल हरदेव छपरा चंवर की तरफ से जा रहा था, उसी बीच अंकित अपने परिवार के दो सदस्य एवं अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट किया. उस दौरान विशाल के हाथ में चाकू भी लगे हैं. जिसके बाद उनके द्वारा आभूषण लूट की बात भी बताई जा रही है. फिलहाल यह जांच का विषय है.

