CHHAPRA / VAISHALI DESK - सारण जिला के तरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत एसएच-73 पर गंडार गांव के समीप बीती देर रात बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में एक बाराती की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके अलावा कई अन्य बारातियों को भी चोटें आई हैं. जानकारी के अनुसार वैशाली जिले के लालगंज से बारात लेकर बस जगदीशपुर जा रही थी। गंडार गांव के समीप बने स्पीड ब्रेकर पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद बस सड़क किनारे एक सूखे पेड़ और बिजली के पोल से टकराते हुए पलट गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए. एक बाराती बस के नीचे दब गया था, जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया. पुलिस उसे तत्काल रेफरल अस्पताल तरैया लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान वैशाली जिले के बिशुनपुर अनरा गैरोल निवासी तस्लीम के 46 वर्षीय पुत्र असगर के रूप में हुई है. दुर्घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य घायलों का भी स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य चलाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जहां आज सुबह शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया गया है.
HULCHAL NEWS 24
Satya Ke Sath
Advertisement
Advertisement
