CHHAPRA DESK- इस वक्त की बड़ी खबर छपरा शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां हुई चाकू बाजी में एक पुलिस का जवान एवं उसके पुत्र, दोनों जख्मी हो गए हैं. जहां, पुलिसकर्मी के पुत्र को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अटल नगर मोहल्ले में रंगदारी और आपसी विवाद को लेकर हुई है. जहां, घायलों की पहचान अटल नगर मोहल्ला निवासी पंकज कुमार सिंह और उनके पुत्र अंबुज सिंह के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अंबुज सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें पटना रेफर कर दिया है. घटना के संबंध में पंकज कुमार सिंह ने बताया कि वह बिहार पुलिस में पूर्णिया एसपी कार्यालय में हेड क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं. दशहरा की छुट्टी में वह अपने घर आए थे. उसी दौरान वह अपने घर की साफ-सफाई कर रहे थे, तभी बगल के पड़ोसियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया. उस दौरान चाकू लगने से वह और उनके पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए. सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ अर्जुन कुमार ने अंबुज सिंह की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. घायल पंकज कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी आरोपितों द्वारा कई बार रंगदारी व मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है. इस संबंध में कई बार मुफस्सिल थाने में शिकायत भी की गई है. उन्होंने पुलिस विभाग में कार्यरत होने के बावजूद समय पर सहयोग नहीं मिलने की बात भी कही. घटना के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी. वही इस संदर्भ में मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है आवेदन प्राप्त होने के बाद कार्रवाई की जाएगी.