GOPALGANJ DESK - गोपालगंज जिला अंतर्गत जादोपुर रोड स्थित अंकिता होटल में देह व्यापार की सूचना पर नगर थाने की पुलिस ने छापेमारी की. कार्रवाई में पुलिस ने छह लड़कियों और आठ लड़कों को पकड़ा. सभी से पूछताछ की जा रही है. छापेमारी के दौरान होटल के कमरों की तलाशी लेने पर कई आपत्तिजनक सामान और कंडोम बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार, पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि जादोपुर रोड स्थित उक्त होटल में लड़के-लड़कियों का आना-जाना हो रहा है. होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना के बाद पुलिस होटल पर नजर रख रही थी. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि होटल में कई जोड़े पहुंचे हैं. जिसके बाद नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार प्रभाकर के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर संजय सिंह, पीके राही, महिला पुलिस पदाधिकारी व महिला-पुरुष बल की टीम होटल पहुंची और छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस एक कमरे के दरवाजे पर पहुंची तो अंदर मौजूद युवक-युवती ने दरवाजा नहीं खोला. पुलिस ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया. जिसके बाद दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया जाने लगा. उसी दौरान कमरे में मौजूद युवक और युवती खिड़की तोड़कर बाहर कूद गए और फरार हो गए. पुलिस ने कमरे के अंदर जाकर जांच की तो खिड़की टूटी मिली. इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस जब पकड़े गए युवक-युवतियों को होटल से बाहर निकालकर गाड़ी में बैठा रही थी, उस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई. कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से कार्रवाई का वीडियो बनाया, जिसे बाद में फेसबुक और इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया.
लड़कियों की पहचान कॉलेज और कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थीं
पुलिस की पूछताछ में पकड़ी गई लड़कियों में कुछ ने खुद को छात्रा बताया. कुछ के बीए में पढ़ने तो कुछ के मैट्रिक की छात्रा होने की बात सामने आई है. इनमें कई के मांझागढ़ और उचकागांव थाना क्षेत्र की निवासी होने की जानकारी मिली है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि वे घर से कॉलेज और कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थीं.
महिला एजेंट की भूमिका संदिग्ध
पुलिस को छापेमारी के दौरान एक महिला एजेंट की भूमिका की भी जानकारी मिली है. पुलिस ने पकड़े गए युवक-युवतियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं. इनमें से एक मोबाइल पर एक महिला के बार-बार फोन आने की बात सामने आई है. पूछताछ और मोबाइल की जांच के दौरान पुलिस को महिला के माध्यम से एक लड़की के होटल पहुंचने की जानकारी मिली है. पुलिस महिला की भूमिका और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.

