CHHAPRA DESK - सारण जिला के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोझी बुजुर्ग गांव स्थित खेत में 35 वर्षीय एक युवक का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई. मृत युवक की पहचान स्थानीय पोझी बुजुर्ग गांव निवासी मदन सिंह के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है, जो मुर्गी फार्म चलाता था. इस घटना की सूचना मिलते ही परिवार वाले रोते-पीटते वहां पहुंचे और उनकी सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस हत्या और करंट लगने सहित सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. परिजनों के अनुसार रौशन कुमार गुरुवार रात बाइक से गांव में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था. अगले दिन सुबह उनका शव उनके मुर्गी फार्म के समीप पड़ा मिला. घटनास्थल के पास उनकी बाइक भी खड़ी थी, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है. परिजनों ने आशंका जताई है कि रौशन कुमार की हत्या कर शव को मुर्गी फार्म के पास फेंक दिया गया है. वहीं, आसपास के खेत में फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से उनकी मौत होने की भी चर्चा है. हालांकि परिजन इस संभावना को खारिज करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही मढ़ौरा डीएसपी सविंदर कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है. डीएसपी ने बताया कि हत्या और करंट लगने सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.