CHHAPRA DESK - सारण जिला अंतर्गत मशरक थाना क्षेत्र के डुमरसन में फर्जी तरीके से संचालित अस्पताल में प्रसंव के उपरांत रेफर करने के दौरान रास्ते में ही महिला और नवजात शिशु की मौत हो गई. मौत की खबर लगते ही शव को परिजनों के द्वारा अस्पताल परिसर में लाकर आक्रोश जताया गया. मृतका मशरक के बंगरा पंचायत के बंगरा वार्ड 3 के बिट्टू यादव की पत्नी 21 वर्षीय किरण देवी बताई गई. मृत महिला का मायका पानापुर के बेलौर गांव में हैं. परिजनों ने बताया कि किरण देवी गर्भवती थी जिसको पहली बार प्रसव के लिए आशा कार्यकर्ता के कहने पर प्रसव के लिए डुमरसन में पेट्रोल पंप के पास जगदीप पांडे के मकान में डॉ सोनल कुमार यादव के अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां प्रसंव के उपरांत के महिला को लड़का हुआ. अधिक मात्रा में रक्तस्राव होने पर इलाज के लिए रेफर किया गया, जहा रास्ते में मौत हो गई. शव को अस्पताल परिसर में लाकर परिजनों ने आक्रोश जाहिर किया और एन एच 227 ए राम जानकी पथ पर रख विरोध प्रदर्शन किया. मौके पर उसी रास्ते से जा रहें तरैया विधायक जनक सिंह के पहुंचने पर उन्होंने परिजनों को समझा बुझाकर आवागमन चालू कराया और पुलिस को सूचना दी. स्थानीय लोगों ने बताया कि यह अस्पताल अवैध तरीके से संचालित होता है वहीं सरकारी अस्पताल के टीम के द्वारा छापेमारी भी की गयी थी लेकिन उसके बाद अस्पताल चल रहा था. मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई कर रही है.
प्रसंव उपरांत महिला और नवजात की मौत ; परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन


