SIWAN DESK - सिवान जिला अंतर्गत रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े शराब की बड़ी खेप लेकर जा रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने एक युवक को रौंद दिया जिससे उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हरनाथपुर गांव के समीप अनियंत्रित क्रेटा ने पहले टेंपो में जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद सड़क पर आ रहे बाइक सवार 20 वर्षीय सुशील राम को इतनी भीषण टक्कर मारी कि वह बाइक से उछलकर कई फीट दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद क्रेटा कार भी सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई. मृतक की पहचान हरनाथपुर निवासी दूधनाथ राम के 20 वर्षीय पुत्र सुशील राम के रूप में हुई है. बताया गया कि वह बाइक से बाजार जाने के लिए घर से निकला था लेकिन रास्ते में शराब तस्करों की तेज रफ्तार गाड़ी ने उसकी जिंदगी छीन ली.
UP और पश्चिम बंगाल का नंबर प्लेट मिला हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने जब क्रेटा में सवार दो युवकों को भागने का प्रयास करते देखा तो उन्हें पकड़ लिया. आक्रोशित लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी. उसी दौरान जब क्षतिग्रस्त गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई. सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि कार के बाहर यूपी का नंबर प्लेट लगा था, जबकि उसके अंदर पश्चिम बंगाल के नंबर प्लेट भी रखे हुए थे. इससे शराब की तस्करी के नेटवर्क और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. थाना प्रभारी का सरकारी मोबाइल था बंद घटना के बाद स्थानीय लोग पुलिस को सूचना देने के लिए डायल-112 पर लगातार फोन करते रहे, लेकिन संपर्क होने में काफी समय लगा. जिसके बाद रघुनाथपुर थाना प्रभारी रविरंजन सिंह के सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बताया गया कि उनका सरकारी मोबाइल बंद था. तब डायल 112 टीम मौके पर पहुंची हैरानी की बात तो यह रही कि इतनी बड़ी सड़क दुर्घटना, युवक की मौत, शराब की भारी खेप बरामद होने और आरोपितों की पिटाई के बावजूद रघुनाथपुर थाना प्रभारी स्वयं घटनास्थल पर नहीं पहुंचे. अंततः डायल-112 की टीम ने पहुंचकर लोगों को समझाया और दोनों युवकों को हिरासत में लिया. शराब को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. इस पूरी घटना ने रघुनाथपुर पुलिस की गश्ती व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है.


