CHHAPRA DESK - सारण जिला के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहई शाहपुर गांव में पूर्व के विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया. जख्मी युवक स्थानीय थाना क्षेत्र के सोहई शाहपुर निवासी दरोगा राय का पुत्र गोलू कुमार बताया गया है. घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है. जख्मी गोलू कुमार ने सदर अस्पताल में उपचार के दौरान बताया कि पूर्व से चल रहे विवाद के कारण कुछ लोग उससे रंजिश रखते हैं. बीती रात वह घर से बाहर जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए 8 से 10 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद उसको तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल परिसर में भगवान बाजार थाना पुलिस के समक्ष उसका फर्द बयान दर्ज किया गया, जिसमें पांच लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है. प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
HULCHAL NEWS 24
Satya Ke Sath


