CHHAPRA DESK- विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को खाद्य कारोबारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. खाद्य सुरक्षा आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव एवं सिविल सर्जन के निर्देश पर सिविल सर्जन कार्यालय स्थित सोनपुर मेला शिविर में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ. कार्यक्रम में मेला क्षेत्र में संचालित सभी स्टॉल, खाद्य विक्रेताओं, वेंडरों, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को FOSTAC (Food Safety Training and Certification) के तहत प्रशिक्षण दिया गया. इसमें खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव, उनके प्रसंस्करण, भोजन तैयार करने की सही प्रक्रिया तथा खाद्य स्वच्छता के मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई. प्रशिक्षण कार्यक्रम में मेसर्स THI WAS International Pvt. Ltd. की ओर से भेजे गए प्रशिक्षक डॉ आरके सिंह एवं राजन ने खाद्य कारोबारियों को विभिन्न तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। इस दौरान सारण प्रमंडल के अभिहित अधिकारी नारायण राम एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे. प्रशिक्षकों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए साफ-सफाई, स्वच्छ पानी का उपयोग, खाद्य सामग्री का उचित भंडारण, भोजन बनाने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा खाद्य पदार्थों को दूषित होने से बचाना बेहद जरूरी है. कारोबारियों को खाद्य सामग्री तैयार करने से लेकर ग्राहकों को परोसने तक निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने की जानकारी दी गई. कार्यक्रम के दौरान लोगों को मोटापा, उच्च रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह (शुगर) जैसी बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। इसके लिए जागरूकता संबंधी स्टैंडी बैनर लगाए गए और स्वस्थ खानपान एवं जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई. इस अवसर पर उपस्थित सभी खाद्य कारोबारियों को सोनपुर मेला क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ वातावरण में खाद्य पदार्थ तैयार करने तथा आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने की शपथ दिलाई गई. अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि मेले की अवधि में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करें, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित भोजन मिल सके.