CHHAPRA DESK- सारण जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है. ताजा मामला जिले के गड़खा थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसमारा गांव स्थित छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर घटी, जहां अनियंत्रित बस की टक्कर से सीएनजी टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं इस दुर्घटना में टेंपो चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में मशर थाना क्षेत्र के गोपालवाड़ी गांव निवासी संजय राउत की 30 वर्षीय पत्नी दुरवती देवी और उनके 10 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीएनजी टेंपो छपरा से गड़खा की ओर आ रही थी. उसी दौरान भैंसमारा के समीप तेज रफ्तार से आ रही बस ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी. जिससे उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए श्रीनिवास अस्पताल पहुंचाया. घायलों में गड़खा थाना क्षेत्र के सरगट्टी गांव निवासी 40 वर्षीय प्रभावती देवी, 25 वर्षीय आदित्य कुमार, 22 वर्षीय दीपक कुमार, नगरा-मढ़ौरा थाना क्षेत्र के रामपुर धर्मबागी निवासी 40 वर्षीय गिरजा देवी, चंदन राउत तथा मशरक थाना क्षेत्र के गोपालवाड़ी निवासी संजय राउत शामिल हैं. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है. वहीं सूचना के बाद पुलिस ने मां-बेटे के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया है. वहीं घटना के बाद घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

हादसे के बाद लगा जाम

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त टेंपो और मृतकों के शव पड़े रहने के कारण एनएच-722 पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया. वहीं सड़क के दोनों के तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना मिलने पर गड़खा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया. वहीं पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा.