SIWAN GOPALGANJ DESK- गोपालगंज में थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव के पास पाण्डेय टोला चंवर स्थित तालाब से आज बुधवार को 14 वर्षीय किशोर का शव बरामद किया गया. किशोर मदरसे में पढ़ता था और अपने चार साथियों के साथ जकात वसूलने निकला था. उस दौरान दो बच्चे लापता हो गए थे. पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से तलाश की, जिसके बाद एक का शव मिला जबकि दूसरे बच्चे की तलाश जारी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मदरसे के पांच बच्चे जकात वसूलने निकले थे. रास्ते में वे एक खेत में गन्ना तोड़ने के लिए रुके. बताया जा रहा है कि बच्चों को गन्ना तोड़ते देख किसान ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की. इससे डरकर सभी बच्चे भागने लगे. इस दौरान तीन बच्चे सुरक्षित मदरसे पहुंच गए, जबकि दो लापता हो गए. काफी खोजबीन के बाद भी दोनों बच्चों का पता नहीं चला तो पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई. आज बुधवार को थावे थाना पुलिस ने बंगरा चंवर स्थित तालाब में ड्रोन कैमरे से तलाश शुरू की. ड्रोन फुटेज में पानी के अंदर एक बच्चे के सिर का हिस्सा दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया. 

सिवान के बनियाटोली का रहने वाला था किशोर

 मृतक की पहचान पड़ोसी जिले सिवान के बनियाटोली निवासी मरहूम अली अख्तर के बेटे मोहम्मद जैद सद्दी उमर के रूप में हुई है. वह पिछले दो साल से मदरसे में रहकर हिफ्ज की पढ़ाई कर रहा था. बताया गया कि उसने अब तक 10 पारा की पढ़ाई पूरी की थी. परिजनों के अनुसार, मृतक के पिता की काफी पहले मौत हो चुकी थी. उसकी मां दूसरे के घरों में झाड़ू-पोछा कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं. वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं. वहीं दूसरे लापता किशोर की पहचान असलम कुरैशी के बेटे असरफ अली के रूप में हुई है. उसकी तलाश में तालाब और आसपास के चंवर क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस गन्ना किसान और सुरक्षित लौटे तीन बच्चों से पूछताछ कर रही है. पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.