CHHAPRA DESK- गंगा, सरयू और सोन नदियों के पवित्र त्रिवेणी संगम पर स्थित धर्मनगरी चिरांद में एक माह तक चले कार्तिक कल्पवास अनुष्ठान का समापन पांच दिवसीय श्रीराम वैदिक महायज्ञ, पूर्णाहुति, भंडारा और संतों की विदाई के साथ बुधवार को श्रद्धा एवं आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में हुआ. प्रसिद्ध तपस्वी संत श्रीश्री 1008 मौनी बाबा के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में देश के विभिन्न राज्यों से संत-महात्मा, महंत और वैदिक विद्वान शामिल हुए. पूरे कार्तिक मास चिरांद का अयोध्या मठिया क्षेत्र वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति की अविरल धारा से गुंजायमान रहा. प्रतिदिन ब्रह्ममुहूर्त में वेद ध्वनि के बीच आध्यात्मिक साधना, गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों से संगम तट का वातावरण भक्तिमय बना रहा. कल्पवास की पूर्णाहुति के लिए आयोजित श्रीराम वैदिक महायज्ञ में अरणी मंथन से अग्नि प्रज्वलित कर वैदिक परंपरा के अनुसार यज्ञ संपन्न कराया गया. इस अवसर पर मौनी बाबा ने कहा कि गंगा, सरयू और सोन की पवित्र त्रिवेणी का भगवान श्रीराम के आविर्भाव एवं अभ्युदय से गहरा आध्यात्मिक संबंध रहा है. यह परम तीर्थ मानव जीवन के त्रिविध तापों से मुक्ति दिलाने की क्षमता रखता है. अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के बाद अब उनके अभ्युदय से जुड़े तीर्थों की महिमा और गौरव को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है. उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि अब प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास में चिरांद की पावन धरती पर कल्पवास करेंगे. अयोध्या से पधारे लक्ष्मण किलाधीश ने संतों के विदाई समारोह में कहा कि अयोध्या से चिरांद होते हुए बक्सर तक भगवान श्रीराम की प्रथम यात्रा वास्तव में उनकी अभ्युदय यात्रा थी. इसी यात्रा के दौरान श्रीराम ने ऋषियों से दिव्यास्त्रों और शास्त्रों का ज्ञान प्राप्त किया तथा अत्याचार और अधर्म के विरुद्ध संघर्ष करते हुए धर्म की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया. 

उन्होंने कहा कि चिरांद केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक इतिहास की महत्वपूर्ण धरोहर है. आधुनिक दौर में धार्मिक मान्यताओं और तीर्थों की ऐतिहासिकता पर प्रमाण मांगे जाते हैं. ऐसे में चिरांद की पुरातात्विक संपदा भगवान श्रीराम के दिव्य जीवन से जुड़ी परंपराओं और इस क्षेत्र की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रस्तुत करती है. चिरांद के गर्भ में समाहित पुरातात्विक अवशेष इस क्षेत्र की प्राचीन सभ्यता और ऐतिहासिक समृद्धि के प्रमाण हैं. स्थानीय संतों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इन प्रमाणों के आधार पर चिरांद की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को पुनर्स्थापित करने का प्रयास शुरू किया है. वक्ताओं ने कहा कि इस दिशा में संतों की साधना, विद्वानों के शोध और समाज के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है.