AURANGABAD DESK - औरंगाबाद शहर के चर्चित जुनैद हत्याकांड में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी जहुर अली के पुत्र मो सैफ अली उर्फ मैडी को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार बदमाश शहर के नावाडीह मोहल्ले का निवासी है. इसे जिला पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद बदमाश ने जुनैद हत्याकांड में अपना अपराध स्वीकार किया है. डीएसपी मुख्यालय विनोद कुमार सिंह ने बताया कि 30 जनवरी 2026 की रात नगर थाना क्षेत्र के नवाडीह मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने मस्जिद के पास स्थित गैलेक्सी मेडिकल के संचालक मो जुनैद अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी थी. उस मामले में मेडिकल संचालक के पिता के बयान पर 31 जनवरी को नगर थाना में प्राथमिकी कराई गई थी. डीएसपी ने बताया कि हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के द्वारा सदर-वन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया था. पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपितों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजे चुकी है. वहीं एक नाबालिग को भी सुधार गृह भेजा गया है. इसी क्रम में करीब 10 माह से फरार चल रहे मो सैफ अली उर्फ मैडी का सुराग जम्मू कश्मीर में मिलने के बाद उसे बारामूला जिले के सोपोर से गिरफ्तार कर औरंगाबाद लाया गया. डीएसपी ने बताया कि मामले में फरार चार आरोपितों के घर कुर्की की कार्रवाई की जा चुकी है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. बता दें कि सैफ अली उर्फ मैड़ी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध नगर थाना में सात मामले दर्ज हैं. इनमें वर्ष 2018 का कांड संख्या 133/18, वर्ष 2019 का कांड संख्या 196/19, वर्ष 2025 का कांड संख्या 169/25, आर्म्स एक्ट में वर्ष 2025 का कांड संख्या 606/2025 समेत अन्य मामले शामिल है.