CHHAPRA DESK - सारण जिला अंतर्गत मढ़ौरा थाना क्षेत्र के धेनुकी चौक पर हुए सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया.
मृतका की पहचान पानापुर थाना क्षेत्र के कौंध भगवान गांव निवासी संट साह की 35 वर्षीय पत्नी सुंती देवी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह अपने पति संटु साह और बच्चे के साथ बाइक से अपने मायके आटा गांव जा रही थी. उसी दौरान धेनुकी चौक के समीप एक ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में मृतका के पति और बच्चा सुरक्षित बच गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया. वहीं मढ़ौरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसके चालक को कब्जे में ले लिया. प्रशासन के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया. जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.


