GOPALGANJ DESK - अमेरिका-ईरान जंग के बीच हुए हमले में गोपालगंज के युवक की मौत होर्मुज क्षेत्र में हो गई. मृतक की पहचान गोपालगंज जिला के थावे बाजार के शू कारोबारी संजय गुप्ता के 30 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है. सोनू गुप्ता मैकेनिकल इंजीनियर था. वह पिछले 6 सालों से दुबई में एक कंपनी में काम कर रहा था. उन्होंने कोलकाता से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की. जिसके बाद 2020 में दुबई स्थित स्कॉर्पियो कंपनी में नौकरी शुरू की थी. बाद में वह अबू धाबी की प्रतिष्ठित ऊर्जा कंपनी अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) जॉइन कर लिया. सोनू गुप्ता के साथ हुए हादसे की जानकारी कंपनी के CMD की ओर से उनके परिजनों को दी गई.


शिप पर आग का गोला गिरा


सोनू के साथियों ने परिवार को बताया कि ईरान की ओर से अमेरिकी सैन्य बेस को निशाना बनाया गया था. आग का गोला और मलबा शिप पर आ गिरा, जिसकी चपेट में आने से सोनू की मौत हो गई. सोनू के बड़े भाई आलोक ने बताया कि आज मंगलवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि सऊदी अरब के होर्मुज समुद्री क्षेत्र में जहाज पर मिसाइल गिरी है. इसी शिप पर सोनू काम करता था. मिसाइल की चपेट में आने से वो गंभीर रूप से घायल हो गया. थोड़ी देरी बाद उसकी मौत हो गई. सोनू के साथी भी हमलों को लेकर परेशान हो रहे हैं. बड़े भाई आलोक ने बताया कि सोनू करीब 20 दिन पहले ही घर पर छुट्टी बिताकर दुबई गया था. उसकी मौत के बाद घर में सभी का रो-रोकर हाल-बेहाल है. 


विदेश मंत्रालय ने जताई चिंता


होर्मुज स्ट्रेट में ईरान ने सोमवार देर रात UAE के दो तेल टैंकरों पर क्रूज मिसाइलों से हमला किया. हमले में एक भारतीय की मौत हो गई, जबकि 6 भारतीय नागरिकों समेत 8 लोग घायल हैं. भारत ने मंगलवार सुबह ईरान के उप राजदूत मोहम्मद जवाद हुसैनी समेत ईरानी डिप्लोमेट्स को तलब किया गया. विदेश मंत्रालय ने घटना पर गंभीर चिंता जताई और ईरानी मिशन से जवाब मांगा है.