CHHAPRA DESK- सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेशानुसार आज निर्धारित दिव्यांगजन सहयोग गतिविधि के तहत प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. जिसमें बताया गया है मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सारण जिले के सदर अनुमंडल सहित चिह्नित चार प्रखंडों बनियापुर, दरियापुर, अमनौर तथा मांझी में क्रमेण विभिन्न तिथियों को शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों के माध्यम से संबल एवं एडिप योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी. प्रचार वाहन के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में शिविरों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी इसकी जानकारी प्राप्त कर शिविरों का लाभ उठा सकें. जिला प्रशासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमतापूर्वक पहुंचाना, उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना तथा उनके जीवन को अधिक सुगम एवं आत्मनिर्भर बनाना है. जिला प्रशासन ने पात्र दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे शिविरों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचें तथा योजना का लाभ उठाएं.
मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना के तहत सहायक उपकरण वितरण शिविरों के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार वाहन को डीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
