CHHAPRA DESK - सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में स्नान करने के दौरान नदी में डूबने से एक किशोर समेत दो की मौत हुई है. पहली घटना जिले के मांझी थाना क्षेत्र से सामने आई है. जहां स्थानीय थाना क्षेत्र के नचाप गांव निवासी शैलेश कुमार सिंह के 16 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार की नदी में डूबने से मौत हुई है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि वह गांव के समीप दोस्तों के संग नदी में स्नान करने गया था, जहां गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब कर उसकी मौत हो गई. इस घटना की सूचना के बाद घर-परिवार में रोना-पीटना लग गया. वहीं स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. वहीं दूसरी घटना जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र से सामने आई है. जहां, नदी में स्नान करने के दौरान एक युवक डूबने लगा. हालांकि शीघ्र ही नाविकों के द्वारा उसे नदी से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मृत युवक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के विरम परसा गांव निवासी स्वर्गीय शुभ नारायण सिंह के 27 वर्षीय पुत्र अर्जुन सिंह के रूप में की गई है. इस घटना की सूचना के बाद परिवार वालों में रोना-पीटना लग गया. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है.