CHHAPRA DESK- सारण के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. खेलो इंडिया अभियान के अंतर्गत अस्मिता महिला राष्ट्रीय रोड साइक्लिंग लीग-2026 का आयोजन पहली बार बिहार में किया जा रहा है. इसकी मेजबानी सारण जिले को मिली है. साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ सारण की ओर से 5 एवं 6 दिसंबर को गड़खा में आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से महिला साइक्लिस्ट अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगी. साइक्लिंग संघ के प्रदेश सचिव डॉ कौशल किशोर सिंह ने बताया कि बिहार में पहली बार अस्मिता महिला रोड राष्ट्रीय साइक्लिंग लीग का आयोजन छपरा में हो रहा है. यह सारण के लिए गौरव की बात है. इससे बिहार की महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. साथ ही राज्य में साइक्लिंग खेल को नई पहचान मिलेगी. साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ सारण के अध्यक्ष सह आयोजन समिति के सचिव डॉ देव कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. जिला प्रशासन की अनुमति से दोनों दिन सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रतियोगिता आयोजित होगी। रेस का मार्ग गरखा चौक से कटसा चौक तक करीब पांच किलोमीटर निर्धारित किया गया है. प्रतियोगिता में चारों जोन से करीब 96 महिला साइक्लिस्ट के शामिल होने की जानकारी दी गई है. वहीं, आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं एनयूजेआई के प्रदेश संयोजक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को देखते हुए खिलाड़ियों और अतिथियों के स्वागत, आवासन, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा तथा आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी की जा रही है. आयोजन को सफल और यादगार बनाने के लिए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं. जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, खेल संगठनों और स्थानीय लोगों के सहयोग से इसे ऐतिहासिक आयोजन बनाने का प्रयास किया जा रहा है. प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव करेंगे. वहीं, बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर तथा शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. दोनों मंत्री प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत करेंगे. आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना, खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सारण को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाना है. यह प्रतियोगिता महिला सशक्तीकरण के साथ बिहार में साइक्लिंग संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित होगी. आयोजन समिति ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, खेल संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों, प्रायोजकों और समस्त सारणवासियों से इस राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है. इस दौरान डॉ सुरेश प्रसाद सिंह , संजीव कुमार चौधरी, अभिषेक सिंह, शैलेन्द्र पूरी, मनोरंजन पाठक, बिपिन कुमार मिश्रा, आनंद वर्मा, अर्पित सिंह सहित तमाम आयोजन समिति के सदस्य और पदाधिकारी मौजूद थे,
पहली बार बिहार में अस्मिता महिला राष्ट्रीय रोड साइक्लिंग लीग की मेजबानी करेगा सारण ; 5-6 दिसंबर को जुटेंगी देशभर की महिला साइक्लिस्ट

