CHHAPRA DESK - एक तरफ सारण जिले की सभी 318 पंचायतों में पंचायत विकास दिवस मनाने का दावा जिला प्रशासन के द्वारा किया जा रहा है तो दूसरी तरफ इस प्रशासनिक दावे की पोल पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के द्वारा खोल दी गई है. हुआ यूं कि उनके द्वारा गुप्त रूप से सारण जिले के पंचायती सरकार भवन का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के क्रम में वह दरियापुर के बेला पंचायत भवन पहुंचे, जहां उनके द्वारा पाया गया कि दिन के 11:00 तक पंचायत भवन में ताला लटका हुआ था. जिसको लेकर उनके द्वारा अपने सोशल मीडिया हैंडल के द्वारा इसका जिक्र किया गया और गहरी नाराजगी जताते हुए उन्होंने लिखा कि " निरीक्षण के दौरान पंचायत सरकार भवन में ताला लगा पाया गया. ग्राम सभा का आयोजन नहीं करने एवं पंचायत सरकार भवन बंद पाए जाने के लिए मुखिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) एवं पंचायत सचिव को तत्काल स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है".
बता दें कि पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा ग्राम पंचायतों में स्थानीय स्तर पर विकास एवं सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस मनाया जाता है. इसी क्रम में 30 अगस्त को सारण जिले की सभी 318 ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया जाना था. इस मामले में जिला प्रशासन के द्वारा बताया गया कि इस अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से यह कार्यक्रम सभी पंचायतों में संपन्न कराया गया. जबकि पंचायती राज मंत्री के औचक निरीक्षण में यह दावे खोखले साबित हुए हैं.

