CHHAPRA DESK- छपरा शहर के नगर थाना अंतर्गत छोटा तेलपा मोहल्ला में मामूली विवाद को लेकर एक बुजुर्ग को बेरहमी से पीटकर अधमरा कर दिया गया. जिसके बाद जख्मी हालत में परिवार वालों के द्वारा उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉक्टर हरेंद्र प्रसाद के द्वारा उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. गंभीर रूप से जख्मी वृद्ध की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के छोटा तेलपा मोहल्ला निवासी गंगा महतो के 70 वर्षीय पुत्र विजेश्वर महतो के रूप में की गई है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मामूली विवाद में उनके साथ मारपीट करने के बाद सिर पर रॉड से प्रहार कर दिया गया. जिसके कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह अचेत हो गए. फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक बतलाई जा रही है, जिन्हें पीएमसीएच रेफर किया गया है.

