CHHAPRA DESK- सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में एक युवक एवं महिला समेत चार लोगों की मौत हुई है. जहां, चारों ही शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है. जिसमें एक महिला समेत तीन की मौत ट्रेन से कटकर हुई है. वहीं चौथे व्यक्ति की मौत ठंड लगने से उपचार के दौरान सदर अस्पताल में हुई है. 

पहली घटना पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा-सिवान रेलखंड स्थित एकमा रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे गुमटी संख्या 67बी के समीप घटी, जहां डाउन छपरा-टाटा एक्सप्रेस की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई. समाचार प्रेषण तक शव की पहचान नहीं हो सकी है. वह सफेद रंग की शर्ट और काले रंग की फुल पैंट पहने हुए था. सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद पहचान के लिए सुरक्षित रखा है. 

जबकि, दूसरी घटना में ट्रेन से गिरकर एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हुई है. घटना फकुली रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या 302/1 एवं 302/40 के मध्य की है. ट्रेन से गिरने के कारण उस व्यक्ति का सिर व चेहरा पूरी तरह कट-फट गया था. वह आसमानी रंग का टीशर्ट एवं कत्थई कलर का लोअर पहने हुए था. सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जहां शव की पहचान नहीं होने के कारण उसे पोस्टमार्टम के बाद सुरक्षित रखा गया है.

जबकि, तीसरी घटना जिले के अवतार नगर थाना अंतर्गत रेलवे लाइन पर ट्रेन से कट कर एक अधेड़ महिला की मौत हुई है. घटना कोठेया रेलवे पुल के डाउनलाइन पोल संख्या 309/6/8 के समीप घटी. जहां, मृतका का शव क्षत-विक्षत स्थिति में रेलवे लाइन से बरामद किया गया है. मृतका की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है. वह लाल पीला छीटदार साड़ी पहने हुई थी. 

वहीं चौथी घटना में ठंड लगने से अचेत एक व्यक्ति को सादर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है. सूचना के बाद सदर अस्पताल में मौजूद थाना पुलिस ने 100 का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम आज सदर अस्पताल में कराए जाने के बाद पहचान के लिए उन्हें 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा.