CHHAPRA DESK-  विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के अंतर्गत आज आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में संगीत, गायन एवं लोक कला की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर मेला परिसर को सुरमयी बना दिया. कार्यक्रम के निर्धारित समयानुसार दोपहर 2 बजे से अपराह्न 4 बजे तक पटना के पप्पू कुमार (विराट) ने लोक एवं सूफी गायन की प्रस्तुति दी। उनकी गायकी ने श्रोताओं को संगीत के विभिन्न रंगों से रूबरू कराया। इसके पश्चात सारण के राजकुमार मांझी ने अपनी गायन प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया. लोकप्रिय गायक कुमार सत्यम की प्रस्तुति भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही. उनके गायन को सुनने के लिए दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला.वहीं, सोनपुर आइडल सीजन-2 के अंतर्गत आयोजित क्वार्टर फाइनल प्रतियोगिता भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही. इस प्रतियोगिता के माध्यम से उभरती हुई गायन प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिला. प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों एवं निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया. सोनपुर मेला में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम पारंपरिक लोक संस्कृति, संगीत एवं कला को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्थानीय और उभरते कलाकारों को एक प्रतिष्ठित मंच प्रदान कर रहे हैं. जिला प्रशासन द्वारा मेले में आने वाले दर्शकों के मनोरंजन एवं सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की यह श्रृंखला मेले की पारंपरिक पहचान को आधुनिक सांस्कृतिक रंगों के साथ जोड़ रही है.