CHHAPRA DESK- छपरा शहर के मुफस्सिल थाना अंतर्गत डुमरिया गांव के समीप एक व्यक्ति के ऊपर चाकू से हमला कर दिया गया. वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटे को भी रॉड से पीटा गया है. जिसके बाद पीड़ित के द्वारा इस घटना की सूचना 112 डायल पुलिस को दी गई और पुलिस ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया जहां उसका उपचार चल रहा है. जख्मी व्यक्ति स्थानीय थाना क्षेत्र के डुमरिया चनचौरा गांव निवासी स्वर्गीय महेश ठाकुर का 52 वर्षीय पुत्र संजीत ठाकुर एवं उनका 30 वर्षीय पुत्र विकास कुमार ठाकुर बताये गये है. सदर अस्पताल में उपचार के दौरान संजीत ठाकुर के द्वारा बताया गया कि वह गांव स्थित बाजार पर अपना सैलून चलाता है. आज साटा का काम करने के बाद वह दुकान से होकर अपने बेटे संग घर जा रहा था. उसी बीच उसके पड़ोस के ही कुछ लोगों ने ईंट भट्ठा के समीप उनके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया. उस दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर उनके कनपटी पर वार कर दिया. वहीं बेटे को भी रॉड से पीटा गया था. घटना का कारण उनके द्वारा पूर्व में हुए मारपीट का केस उठाने के लिए दबाव बनाना बताया जा रहा है. जख्मी हालत में उनके द्वारा 112 डायल पुलिस को सूचना दी गई थी. जिसके बाद पुलिस ने शीघ्र ही मौके पर पहुंचकर उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया. जबकि मारपीट करने वाले भाग गए थे. समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी.