CHHAPRA DESK- सारण उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी द्वारा आज छपरा शहर के प्रभुनाथ नगर कॉलोनी में जलजमाव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने कॉलोनी में जलजमाव के कारणों एवं जल निकासी की वर्तमान व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने स्थानीय स्तर पर जल निकासी में आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए जलजमाव से स्थायी रूप से निपटने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उप विकास आयुक्त ने कॉलोनी में जल निकासी के लिए महत्वपूर्ण नालों को चिन्हित करते हुए उनके जीर्णोद्धार, उड़ाही तथा अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया. उन्होंने नालों की समुचित सफाई एवं जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए जलजमाव की समस्या के प्रभावी समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा. इस संबंध में सहायक अभियंता, पीएचईडी, सारण, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी, सदर को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही चिन्हित नालों की स्थिति का आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्य कराने को कहा गया. उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए केवल तात्कालिक उपायों के बजाय स्थायी एवं प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.