CHHAPRA DESK - ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 19 अगस्त को जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU), छपरा के प्रांगण में एक विशाल 'छात्र संसद' का आयोजन किया जा रहा है. इस ऐतिहासिक छात्र संसद में छपरा, सिवान और गोपालगंज (सारण प्रमंडल) के हजारों की संख्या में छात्र और युवा भाग लेंगे और अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरेंगे. छात्र संगठनों का कहना है कि वर्तमान शिक्षा नीतियां और सरकार की कार्यप्रणाली लगातार छात्रों व युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है. शिक्षा का निजीकरण, भगवाकरण और रोजगार के नाम पर युवाओं के साथ खेलवाड किया जा रहा है, जिसके खिलाफ यह बड़ा आंदोलन खड़ा किया जा रहा है. कुणाल कौशिक को कहना हैं कि आज हमारा विश्वविद्यालय गंभीर प्रशासनिक अराजकता और अनियमितताओं के दौर से गुज़र रहा है. जिस संस्थान को छात्रों के भविष्य का निर्माण करना चाहिए, वह अव्यवस्था और लापरवाही का केंद्र बन चुका है. परीक्षाओं में देरी, परिणाम घोषित करने में लापरवाही, दाखिला प्रक्रिया में धांधली और मूलभूत सुविधाओं (जैसे- लाइब्रेरी, लैब, हॉस्टल) का खस्ता हाल होना अब रोज़ की बात बन गई है. प्रशासनिक स्तर पर पारदर्शिता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है, जिसका सीधा और घातक असर हमारे हज़ारों छात्र-छात्राओं के भविष्य पर पड़ रहा है. विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी जाती है कि वे तुरंत अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं और इन तमाम गड़बड़ियों पर त्वरित कार्रवाई करें. यदि हमारी मांगों पर जल्द से जल्द कड़ा संज्ञान नहीं लिया गया और अनियमितताओं को दूर नहीं किया गया, तो छात्र हित में हम एक बड़ा और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.
19 अगस्त को JPU में आइसा और RYA का होगा विशाल छात्र संसद ; छपरा, सिवान व गोपालगंज से जुटेंगे हजारों छात्र


