CHHAPRA DESK- दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए मिलावटी मिठाइयों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए सारण खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. खाद्य सुरक्षा विभाग के सचिव कुमार रवि के निर्देशन में पूरे बिहार में चलाए जा रहे अभियान के तहत आज छपरा में भी छापेमारी की गई. डीएम वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने शहर के रौजा मोहल्ले में एक निजी आईटीआई के समीप कृष्ण लीला मैदान स्थित केशव स्वीट्स की फैक्ट्री में छापेमारी की.

उस दौरान टीम ने 1 लाख 68 हजार रुपये मूल्य का मिल्क केक और 4500 रुपये मूल्य का लड्डू जब्त किया. वहीं, तीन पैकेट पेड़ा को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. जब्त मिठाइयों को लेकर विभाग आगे की कार्रवाई कर रहा है. बताया जाता है कि जिलाधिकारी को टेलीफोन के माध्यम से केशव स्वीट्स में मिलावटी मिठाइयों का कारोबार किए जाने की शिकायत मिली थी. जिसके बाद डीएम के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की. जांच में दुकान के लाइसेंस को लेकर भी सवाल सामने आए हैं. विभाग ने दुकानदार को साफ कहा है कि लाइसेंस मिलने तक दुकान बंद रहेगी. खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दीपावली और छठ को लेकर विभाग अलर्ट मोड में है. खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. बिना लाइसेंस मिठाई की दुकान कैसे संचालित हो रही थी, यह भी जांच का अहम विषय है. त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.