CHHAPRA DESK- सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिनटोली गांव में पूर्व के विवाद को लेकर हुई चाकू बाजी में एक युवक का पेट फट गया और उसका आंत बाहर आ गया. जिसके बाद गंभीर स्थिति में उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा के लिए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है. चाकू बाजी में गंभीर युवक स्थानीय थाना क्षेत्र के बिन टोली गांव निवासी 25 वर्षीय कमलेश कुमार बिंद बतलाया गया है. चाकू लगने के बाद गंभीर स्थिति में उसे स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे सदर अस्पताल और फिर वहां से पटना रेफर कर दिया गया है. वहीं इस घटना की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है. वहीं जख्मी को पटना रेफर किए जाने के कारण इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है. फिलहाल विवाद के कारणों के विषय में पुलिस जांच पड़ताल कर रही है.