CHHAPRA DESK - सारण जिलांतर्गत रिविलगंज थाना क्षेत्र के भट्ठी गली मुख्य मार्ग के समीप आज हुए सड़क हादसे में ठेला चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल वृद्ध को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान रिविलगंज थाना क्षेत्र के रिविलगंज स्टेशन के समीप निवासी स्वर्गीय कपिल राय के 60 वर्षीय पुत्र हरन राय के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि हरन राय ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. बताया जाता है कि आज सुबह वह मुख्य मार्ग भट्ठी गली के पास ठेला लगाकर खड़े थे. उसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के आपातकालीन विभाग में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ संतोष कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. इधर, रिविलगंज थाना पुलिस ने हादसे के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए हाईवा चालक को हिरासत में ले लिया है. दुर्घटना में शामिल हाईवा को भी जब्त कर लिया गया है. रिविलगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है. वही सदर अस्पताल मे ग्रामीण पहुँच गये थे जिसके बाद पोस्टमार्टम की प्रकिया जारी थी.