CHHAPRA DESK- सारण जिला प्रशासन के तत्वावधान में आज समाहरणालय परिसर स्थित सारण सभागार में उद्योग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी, विधि-व्यवस्था एवं नगर पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा की गई. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में संचालित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं उद्यमियों को सरकारी विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना तथा उद्योगों के संचालन एवं विस्तार में आ रही प्रशासनिक और प्रक्रियागत बाधाओं को दूर करना था.कार्यक्रम में जिले के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों, उद्यमियों एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया. इस दौरान उद्यमियों ने अपनी औद्योगिक इकाइयों के संचालन में आ रही समस्याओं एवं कठिनाइयों को विस्तारपूर्वक रखा. उद्यमियों द्वारा मुख्य रूप से विद्युत आपूर्ति एवं विद्युत कनेक्शन, औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचना का विकास, सड़क व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण, ड्रग लाइसेंस से संबंधित अनापत्ति एवं स्वीकृति, अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र, श्रम विभाग से संबंधित प्रक्रियाएं, औद्योगिक इकाइयों के निबंधन एवं लाइसेंस, भूमि एवं राजस्व संबंधी मामले तथा अन्य विभागीय अनुमतियों से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया. इस पर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ बिंदुवार चर्चा की गई तथा समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने पर बल दिया गय. कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पदाधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयां जिले के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन एवं स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसलिए उद्योगों के संचालन में अनावश्यक प्रशासनिक विलंब अथवा विभागीय समन्वय की कमी के कारण बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए. साथ ही, संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों की समीक्षा करने तथा आवश्यक स्वीकृतियों एवं अनापत्तियों से संबंधित प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया. यह भी स्पष्ट किया गया कि उद्यमियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े. इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी समन्वय एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए. बैठक में जिले में औद्योगिक विकास की संभावनाओं को सुदृढ़ करने तथा नए निवेश को आकर्षित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई. इसके अतिरिक्त स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का सृजन, उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाने तथा जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया.
औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं के त्वरित व प्रभावी निराकरण को ले उद्योग संवाद कार्यक्रम का आयोजन

