CHHAPRA DESK - सारण जिले के रिविलगंज थाना अंतर्गत जिगना गांव से एक सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है, जहां भाई ने ही अपनी बहन की गला रेतकर हत्या कर दी है. इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृत किशोरी स्थानीय थाना क्षेत्र के जिगना गांव निवासी मुन्ना सिंह की 15 वर्षीय पुत्री अनन्या कुमारी बताई गई है. बताया जा रहा है कि वह कल के पास बैठकर बर्तन धो रही थी, उसी बीच उसका भाई आया और उसके गले पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया. जिसके कारण उसकी मौत मौके पर हो गई. इस घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे रिवीलगंज थाना अध्यक्ष ने कार्रवाई कर आरोपी भाई को निरुद्ध कर लिया, जिसकी उम्र करीब 17 वर्ष बताई जा रही है. अब उसने हत्या किन परिस्थितियों में की, इस पर फिलहाल गांव के लोग अटकल लग रहे हैं. इस हत्या के दो बिंदु निकलकर सामने आए हैं. पहला कि हत्यारा किशोर नशेड़ी है और घर में पैसे के लिए झगड़ा हुआ करता था. जबकि दूसरा मामला किशोरी के प्रेम प्रसंग पर भी गांव में दबी जबान से चर्चा हो रही है. स्थिति जो भी हो, पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतका के पिता बाहर रहते हैं और उसके मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. इस मामले में मृतका की बड़ी बहन सलोनी कुमारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की प्रक्रिया चल रही है.