CHHAPRA DESK - सारण जिला अंतर्गत मशरक थाना क्षेत्र के हरपुरजान गांव निवासी हरिनाथ सिंह ने अपनी बहन के ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसकी हत्या कर शव को छिपाने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार उनकी बहन की शादी करीब 25 वर्ष पूर्व बंगरा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह से हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करता रहा. कई बार समझाने और आर्थिक मदद देने के बावजूद प्रताड़ना जारी रहने की बात कही गई है. आवेदक ने बताया कि प्रताड़ना बढ़ने पर वह अपनी बहन को मायके ले आए थे. कुछ समय बाद उसका पुत्र मुन्ना कुमार उसे वापस ससुराल ले गया. जिसके बाद फिर से दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और फोन पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है. आवेदन में कहा गया है कि 9 अगस्त 2026 को उनके छोटे भाई को बहन के ससुराल भेजा गया, जहां जानकारी मिली कि वह लापता है. आवेदक ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया गया है. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और अपनी बहन का पता लगाने की मांग की है. वहीं पुलिस ने दिए आवेदन पत्र पर कांड संख्या 610/26 दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है.