CHHAPRA DESK- दशहरा एवं रावण पुतला दहन कार्यक्रम के मद्देनजर छपरा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, सदर छपरा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर वाहनों के परिचालन एवं पार्किंग के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. ये निर्देश दिनांक 17 अक्टूबर से मूर्ति विसर्जन होने तक लागू रहेंगे.

बड़ी एवं भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध 

 मांझी, मलमलिया, बनियापुर एवं अन्य मार्गों से छपरा शहर आने वाली बड़ी एवं भारी वाहनों के परिचालन को निर्धारित मार्गों के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा अर्थात उमधा, मेथवलिया के रास्ते अपने गंतव्य को जाएगी. नगरपालिका चौक, बाजार समिति एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहनों के प्रवेश एवं पार्किंग पर प्रतिबंध रहेगा. फल, सब्जी एवं एफसीआई से संबंधित वाहनों को निर्धारित बाजार समिति क्षेत्र तक ही परिचालन की अनुमति होगी. भिखारी ठाकुर चौक, गांधी चौक तथा नेवाजी टोला से संबंधित प्रमुख मार्गों पर भी बड़ी वाहनों के परिचालन को प्रतिबंधित किया गया है.

छोटी एवं चारपहिया वाहनों के परिचालन की व्यवस्था

 कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं संपर्क मार्गों पर वाहनों का परिचालन निर्धारित दिशा एवं मार्ग के अनुसार होगा. संबंधित मार्गों पर आवश्यकतानुसार यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे. 

 तीन एवं चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए निम्न स्थलों को निर्धारित किया गया है.

1. जगदम कॉलेज, छपरा का मैदान

2. छपरा हवाई अड्डा का मैदान

3. डॉ. प्रभुनाथ सिंह कॉलेज का मैदान

रावण पुतला दहन कार्यक्रम के दिन विशेष प्रतिबंध

 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से दरोगा राय चौक से डाकबंगला-थाना चौक की ओर जाने वाली सड़क तथा गोपेश्वर नगर से शिशु पार्क की ओर जाने वाली सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा. वरीय पदाधिकारी के वाहन पार्किंग हनुमान मंदिर कैंपस में होंगे तथा अन्य सरकारी वाहनों की पार्किंग गर्ल्स हाई स्कूल छपरा के परिसर /खाली मैदान में होगी.