CHHAPRA DESK- पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने आज अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किये जा रहे एकमा स्टेशन का गहन निरीक्षण किया.  निरीक्षण के उपरांत महाप्रबंधक श्री बोरवणकर ने महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के साथ एकमा स्टेशन के निर्माणाधीन कार्यों पर विस्तृत चर्चा की. चर्चा के दौरान द्वितीय प्रवेश द्वार पर रेल यात्रियों एवं स्थानीय जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य योजना बनाने तथा रीडेवलपमेंट कार्यों के निर्देश दिए गए. अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रेनोवेशन एवं सुंदरीकरण के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने को निर्देशित किया. श्री बोरवणकर ने संबंधित अधिकारियों को पुनर्विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया. इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अनुज मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सत्य प्रकाश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण आरएसपी नवीन कुमार झा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार, वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन तथा अन्य वरिष्ठ शाखा अधिकारीगण उपस्थित रहे.

 द्वितीय प्रवेश द्वार, पेयजल व प्रतीक्षालय का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक श्री बोरवणकर ने मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के साथ द्वितीय प्रवेश द्वार के लेआउट का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव दिए. उन्होंने पेयजल व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्मों के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा पे एंड यूज शौचालय की साफ-सफाई का निरीक्षण किया. महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय के प्रसाधन, आरपीएफ ड्यूटी पोस्ट में प्रकाश व्यवस्था तथा स्टेशन अधीक्षक कक्ष में विफलता पंजिका सहित विभिन्न पंजिकाओं का अवलोकन किया गया.