CHHAPRA DESK- विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में आज ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मंत्री श्रवण कुमार द्वारा श्रीमंडप तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रदर्शनी पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया गया.इस अवसर पर ग्राम श्रीमंडप में मंत्री का स्वागत उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया. वहीं, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रदर्शनी पंडाल में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ श्रीमती नीना झा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया. उद्घाटन के उपरांत मंत्री ने ग्राम श्रीमंडप में जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उनके द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों, स्वरोजगार की गतिविधियों एवं उद्यमशीलता के प्रयासों की जानकारी ली. उन्होंने जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बिहार में महिला सशक्तीकरण की दिशा में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए दूरदर्शी प्रयासों का सकारात्मक परिणाम आज गांव-गांव में दिखाई दे रहा है. जीविका के माध्यम से महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि सफल उद्यमी के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित कर रही है. बिहार में देश के सर्वाधिक स्वयं सहायता समूहों का होना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण एवं विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जा रहा है. सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं उद्यमी के रूप में स्थापित करना है.
ग्रामीण विकास मंत्री ने सोनपुर मेला में ग्राम श्रीमंडप व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रदर्शनी पंडाल का किया उद्घाटन

