CHHAPRA DESK- सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ राहुल राज ने बिहार के राज्यपाल से मुलाकात कर प्रदेश के वित्तानुदानित माध्यमिक, इंटरमीडिएट एवं डिग्री महाविद्यालयों में कार्यरत हजारों शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की वर्षों पुरानी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने वित्तानुदानित संस्थानों के कर्मियों के लिए नियमित मासिक वेतन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा लंबित भुगतान संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने का आग्रह किया. डॉ राज ने महामहिम को अवगत कराया कि बिहार में वित्तानुदानित शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत कार्यरत लगभग 45 से 50 हजार शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी दशकों से आर्थिक असुरक्षा और अनिश्चितता के बीच अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वर्तमान परीक्षाफल आधारित अनुदान व्यवस्था के कारण उन्हें नियमित एवं सम्मानजनक जीवनयापन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कई वर्षों का अनुदान लंबित है, वही नियमित वेतन, पेंशन, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभों के अभाव में इन कर्मियों का भविष्य लगातार असुरक्षित बना हुआ है. उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर महामहिम का ध्यान आकृष्ट कराया कि वित्तानुदानित संस्थानों के कर्मियों को नियमित वेतन उपलब्ध कराने के लिए सरकार के स्तर पर पूर्व में ही महत्वपूर्ण पहल की जा चुकी है. तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के ज्ञापांक 2829, दिनांक 30 सितंबर 2025 के माध्यम से मुख्य सचिव की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया था. इस समिति को वेतनादि भुगतान से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय एवं निष्पादन की दिशा में कार्य करना था. इसके बावजूद लंबे समय बीत जाने के बाद भी इस दिशा में अपेक्षित निर्णय और कार्रवाई लंबित है. उन्होंने महामहिम को यह भी स्मरण कराया कि 05 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस के अवसर पर श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वित्तानुदानित संस्थानों के कर्मियों के लिए नियमित मासिक वेतन की व्यवस्था करने की घोषणा की थी. इसके बाद 20 सितंबर 2026 को आयोजित शिक्षक संवाद कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री ने इस निर्णय को निश्चित रूप से लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई थी. ऐसे में अब इस घोषणा को शीघ्र नीतिगत एवं प्रशासनिक निर्णय में परिणत करना अत्यंत आवश्यक है. राज्यपाल ने डॉ राज द्वारा उठाए गए विषयों एवं शिक्षाकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और इस दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का पूर्ण आश्वासन दिया. उन्होंने वित्तानुदानित संस्थानों के कर्मियों से संबंधित विषयों, विशेषकर वेतन एवं अनुदान भुगतान की समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया.