CHHAPRA DESK- विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा विभागीय प्रदर्शनी सह जागरूकता स्टॉल लगाया गया है. प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन माननीय मंत्री, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार अरुण शंकर प्रसाद के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभागीय बोर्ड के सचिव सुनील कुमार यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही. कार्यक्रम में श्रमायुक्त राजेश भारती, तिरहुत प्रमंडल के उप श्रमायुक्त नीरज नयन, सारण प्रमंडल के उप श्रमायुक्त प्रशांत राहुल, सहायक श्रमायुक्त, श्रम अधीक्षक सारण एवं वैशाली सहित दोनों जिलों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी तथा अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे. उद्घाटन के अवसर पर मंत्री ने कहा कि सोनपुर मेला बिहार की संस्कृति, परंपरा, आस्था, सामाजिक विविधता एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है. ऐसे विशाल जनसमागम में विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना एक महत्वपूर्ण पहल है. सरकार का उद्देश्य है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे. उन्होंने कहा कि श्रमिक दिन-रात मेहनत कर बिहार एवं देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं. भवन निर्माण, कृषि, उद्योग, हस्तशिल्प एवं असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के श्रम से अर्थव्यवस्था मजबूत होती है. ऐसे में श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, सम्मान एवं आर्थिक मजबूती प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार श्रमिकों, गरीबों, युवाओं एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है. विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से बाल श्रम उन्मूलन से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं सरकारी प्रयासों, बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना के संशोधित प्रावधानों, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना तथा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों को उपलब्ध कराई जाएगी. मंत्री ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना नहीं, बल्कि श्रमिकों एवं उनके परिवारों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें.