CHHAPRA DESK- सारण जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेशानुसार आज जय प्रकाश मेडिकल कॉलेज में द्वितीय नागरिक सुरक्षा हवाई हमला एवं ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया. अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, सारण के नेतृत्व में जिला अग्निशमन पदाधिकारी, सारण-सह-नोडल पदाधिकारी द्वारा SDRF, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवाएं एवं गृह रक्षा वाहिनी के संयुक्त सहयोग से मॉकड्रिल का सफलतापूर्वक संचालन किया गया.
इस मॉकड्रिल के दौरान विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया. इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले, ब्लैकआउट एवं अन्य आपदाओं के दौरान आम नागरिकों तथा संबंधित विभागों की तत्परता, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को विकसित करना है, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम किया जा सके. उस दौरान तेल में लगी आग को सुरक्षित तरीके से बुझाने एवं आग पर काबू पाने के उपायों का प्रदर्शन किया गया. इसके साथ ही
बहुमंजिला भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की रेस्क्यू तकनीकों का प्रदर्शन किया गया. वहीं विभिन्न प्रकार के अग्निशमन यंत्रों के सही एवं प्रभावी इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया.
भूकंप के दौरान बचाव कार्य
SDRF की टीम द्वारा भूकंप जैसी आपदा के दौरान भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की रेस्क्यू तकनीकों का प्रदर्शन किया गया. उस दौरान आपातकालीन स्थिति में हृदय गति एवं सांस रुकने पर जीवन बचाने के लिए CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देने की प्रक्रिया की जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया.

