BHOJPUR DESK - बिहार के भोजपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं. डबल मर्डर का मामला खत्म भी नहीं हुआ था कि एक बार फिर से गीधा थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया. बीरमपुर गांव में डेयरी संचालक को बदमाशों ने गोली मार दी. इस घटना में डेयरी संचालक गोली लगने से जख्मी हो गए. जख्मी की पहचान बिरमपुर गांव निवासी राजदेव चौधरी के रूप में हुई है. उन्हें बाएं पैर की जांघ में गोली लगी है. फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार राजदेव चौधरी का अपने पड़ोसियों के साथ पहले से विवाद चला आ रहा था. बताया जा रहा है कि डेयरी संचालन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. इसी विवाद को लेकर आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले पिता और उनके बेटों ने राजदेव चौधरी पर गोली चला दी. गोली उनके बाएं पैर की जांघ में लगी, जिससे वह जख्मी होकर गिर पड़े. जख्मी राजदेव चौधरी ने बताया कि बदमाशों ने उन पर गोली चलाई थी. अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने तत्काल डेयरी का दरवाजा बंद कर लिया. उनका कहना है कि यदि वह समय रहते दरवाजा बंद नहीं करते तो आरोपित उन पर कई और गोलियां चला सकते थे. इधर घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है.
क्या कहते हैं सदर एसडीपीओ
इस संबंध में सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि डेयरी चलाने को लेकर उठे विवाद में गोली मारी गई है. गोली जख्मी के पैर में लगी है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

