CHHAPRA DESK- सारण जिला के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौतन पश्चिम टोला स्थित पोखर में डूबने से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई. मृतक की पहचान अखिलेश कुमार सिंह के पुत्र सार्थक के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. जानकारी के अनुसार, सार्थक शुक्रवार शाम बिना बताए घर से बाहर चला गया था. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान घर के पास स्थित पोखर से उसे निकालकर मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉ वीरेश कुमार ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बताया जाता है कि सार्थक के पिता परिवार के साथ कोलकाता में रहते हैं. वे 30 नवंबर को होने वाले मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गांव आए थे. परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पलभर में खुशियों को मातम में बदल दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल-बेहाल है. वहीं गांव में शोक का माहौल है.